
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दिए जाने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले के तहत अग्निवीरों को चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद दो साल तक और देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीर नियमित सैन्य सेवा में भी शामिल हो सकेंगे।
अनुभवी अग्निवीरों की क्षमता का होगा उपयोग
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलने से अग्निवीरों के सैन्य अनुभव, प्रशिक्षण और कौशल का राष्ट्रहित में बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। इससे युवाओं को सैन्य सेवा में आगे बढ़ने का अवसर मिलने के साथ देश की रक्षा व्यवस्था को भी प्रशिक्षित और अनुभवी कर्मियों की क्षमताओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह फैसला राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें सैन्य क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े अवसरों को आगे बढ़ाने में सहायक होगी।




