छत्तीसगढ़राज्य

घोषणा के 12 घंटे के भीतर लटोरी पहुंची ALS 108 एंबुलेंस, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी

सूरजपुर। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सौगात मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प अभियान के तहत एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।

गंभीर मरीजों को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सहायता

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिले और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को काफी मदद मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।

स्वास्थ्य मंत्री के प्रति जताया आभार

मंत्री राजवाड़े ने एंबुलेंस की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से लटोरी के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

आग्रह के 12 घंटे में पूरी हुई मांग

उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने तत्काल एंबुलेंस देने की घोषणा की और इसके महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई। इससे क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री बाबूलाल अग्रवाल, श्रीमती नूतन विश्वास, श्री महेश्वर पैकरा, श्रीमती बीना गुप्ता, श्री ठाकुर सिंह पैकरा, श्रीमती सुमित्रा राजवाड़े तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button