
रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के शासकीय गजानंद माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय में 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल और 5 लाख रुपये की लागत से बालिका शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की।
महाविद्यालय में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें अनुशासन, मेहनत तथा आधुनिक तकनीक के सही उपयोग से अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया।
एआई को अपनी ताकत बनाएं, उस पर निर्भर न रहें
युवा शक्ति संवाद में श्री शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। परिणाम की चिंता करने के बजाय अपने प्रयासों पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए करें, न कि पूरी तरह उस पर निर्भर हो जाएं।
उन्होंने विद्यार्थियों को ChatGPT, Claude और Perplexity जैसे एआई टूल्स की जानकारी रखने तथा उनका रचनात्मक उपयोग करने की सलाह दी। उनके अनुसार, तकनीकी ज्ञान के साथ अपने कौशल और विषय संबंधी समझ को मजबूत करना भी आवश्यक है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग की दिशा में पहल
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र के स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अब महाविद्यालयों में भी डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पीएससी, एसएससी और यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
विद्यार्थियों से कॉलेज को बेहतर बनाने का आह्वान
श्री शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों का अपना संस्थान है। जिस तरह लोग दीपावली पर अपने घर को सजाते और संवारते हैं, उसी तरह विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलकर कॉलेज के विकास में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन और यूनिफॉर्म में महाविद्यालय आने की सराहना करते हुए नियमित पढ़ाई, अपनी रुचि पहचानने और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर अभ्यास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेहनत, धैर्य और अनुशासन सफलता की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगरपालिका कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जनपद पंचायत लोहारा की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा की अध्यक्ष श्रीमती सरिता मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।




