छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

जशपुर में 51.48 करोड़ की लागत से बनेंगे 225 आवास, अटल विहार योजना से मिलेगा किफायती आशियाना

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में किफायती और आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार और जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में अटल विहार योजना के अंतर्गत लगभग 51 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से 225 आवासों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को अपना घर प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित की जाने वाली इन दोनों आवासीय कॉलोनियों में आधुनिक अधोसंरचना, व्यवस्थित सड़कें, हरित क्षेत्र और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से जिले में आवासीय विकास को गति मिल रही है।

कुनकुरी के गिनाबहार में 97 आवासों का निर्माण

अटल विहार योजना के अंतर्गत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में लगभग सात एकड़ भूमि पर 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की लागत से आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। यहां कुल 97 आवास बनाए जाएंगे, जिनमें 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों के लिए निर्धारित हैं।

पात्र ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और एलआईजी हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। कॉलोनी में आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, हरित वातावरण और जल निकासी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बालाछापर में 128 आवासों के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग सात एकड़ भूमि पर 34 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की लागत से 128 आवासों की योजना विकसित की जाएगी। इसमें उच्च आय वर्ग के 11, मध्यम आय वर्ग के 20, जूनियर एमआईजी के चार, एलआईजी के 55 और ईडब्ल्यूएस के 38 आवास शामिल हैं। इसके साथ व्यावसायिक दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

इस आधुनिक आवासीय परिसर में बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, बॉक्स क्रिकेट, आकर्षक गार्डन और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 के रायगढ़ रोड से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित यह परियोजना रहवासियों को सुविधाजनक आवासीय वातावरण प्रदान करेगी।

महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव में भी होगा विस्तार

जशपुर जिले में आवासीय सुविधाओं के विस्तार के लिए महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर में भी योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। ग्राम मदनपुर की आवासीय योजना के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। प्रथम चरण की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल का उद्देश्य केवल मकानों का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है।

इन परियोजनाओं से जशपुर जिले में आवासीय अधोसंरचना मजबूत होने के साथ निर्माण क्षेत्र, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। अटल विहार योजना के माध्यम से किफायती आवास उपलब्ध कराने की यह पहल जरूरतमंद परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button