
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला मुख्यालय जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस आधुनिक बस टर्मिनल के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है।
प्रस्तावित बस स्टैंड में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। यहां प्रतिदिन आने-जाने वाले पांच हजार से अधिक यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, शौचालय और डिजिटल सूचना स्क्रीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
40 दुकानों का भी होगा निर्माण
जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में बनने वाले बस टर्मिनल में 40 दुकानों के निर्माण का भी प्रस्ताव है। इससे यात्रियों को आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
कई राज्यों के यात्रियों को मिलेगा लाभ
जशपुर जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है। यहां से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं। नए बस टर्मिनल से बसों का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड
जशपुरनगर के साथ कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति दी गई है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।




