
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। इसके माध्यम से गंभीर सामाजिक विषयों, विसंगतियों और जनसरोकारों को हास्य एवं व्यंग्य के जरिए सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कला और साहित्य समाज की चेतना के वाहक हैं। कार्टून कला में चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। एक प्रभावशाली कार्टून कई बार उन विचारों को भी सहजता से व्यक्त कर देता है, जिन्हें शब्दों में समझाना कठिन होता है। यह लोगों को हंसाने के साथ सोचने और आत्ममंथन करने के लिए भी प्रेरित करता है।
उन्होंने भारतीय कार्टून कला के क्षेत्र में महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ देश के आम नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और सामाजिक परिस्थितियों को अभिव्यक्त करने में उनका योगदान भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी मौलिकता, कल्पनाशीलता और रचनात्मक दृष्टि को निखारते हुए डिजिटल माध्यमों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कलाकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट श्री अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का विशिष्ट एवं रोचक माध्यम है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूर्ण होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक श्री त्र्यंबक शर्मा तथा पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून कला को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। पत्रिका ने देशभर के स्थापित और नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराया है।
लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इसके माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सहज रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूर्ण होने पर पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और श्री त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार इनके संरक्षण एवं संवर्धन के साथ कलाकारों और रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्टून फेस्टिवल जैसे आयोजन स्थापित कलाकारों के अनुभव और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा को एक मंच पर लाकर रचनात्मक संवाद को मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक श्री त्र्यंबक शर्मा, श्री हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




