छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

विकास कार्यों में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे : अरुण साव

मुंगेली में निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ में नगरीय विकास कार्यों को गति देने और निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले साइंस कॉलेज के पास नवागढ़ रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके बाद श्री साव ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल और नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि ये सुविधाएं शहर के नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी। इसलिए इनके निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उप मुख्यमंत्री ने नगर पालिका भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब परियोजनाएं समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी होंगी।

कर्मा माता मंदिर में की पूजा-अर्चना

विकास कार्यों के निरीक्षण के पश्चात उप मुख्यमंत्री अरुण साव कर्मा माता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की निरंतर उन्नति, विकास और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की।

मुंगेली में उप मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण को नगरीय विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी और निर्माण कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button