छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन, सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने बांधा समां

आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने दर्शकों में भरा रोमांच, तिरंगे की फॉर्मेशन ने जगाया राष्ट्रीय गौरव

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में आयोजित भव्य एयर-शो ने प्रदेशवासियों को रोमांच और देशभक्ति के अनूठे संगम का अनुभव कराया। भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय वायुसेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वायुसेना के जवानों का आत्मविश्वास, साहस और आपसी समन्वय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स ने रोमांचक अंदाज में की शुरुआत

एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जांबाजों ने की। ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाकर जवानों ने अपने अद्भुत संतुलन, साहस और सटीक नियंत्रण का प्रदर्शन किया। निर्धारित स्थान पर उनकी सफल लैंडिंग के बाद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

गरुड़ कमांडोज ने दिखाया अदम्य साहस

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का शानदार प्रदर्शन किया। एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरते जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और मिशन संचालन की दक्षता दिखाई। उनके अनुशासित प्रदर्शन ने दर्शकों को भारतीय वायुसेना की विशेष परिचालन क्षमता से रूबरू कराया।

पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने रोकी दर्शकों की सांसें

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम का प्रदर्शन रहा। पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन बनाते हुए रोमांचकारी करतब दिखाए। कभी सभी हेलीकॉप्टर एक साथ निर्धारित आकृति में उड़ान भरते दिखाई दिए, तो कभी बेहद नजदीक से एक-दूसरे को पार करते हुए क्रॉसओवर करतब प्रस्तुत किया। पायलटों के सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया।

कॉकपिट से गूंजा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान भी प्रदर्शित किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। इस आत्मीय अभिवादन से दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया और पूरा परिसर जयघोष से गूंज उठा।

तिरंगे की फॉर्मेशन से हुआ भव्य समापन

एयर-शो के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच सारंग टीम ने आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाई। हेलीकॉप्टरों की शानदार उड़ान और देशभक्ति के वातावरण ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयास का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायुसेना की सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। देश-विदेश में अपने अनेक शानदार प्रदर्शनों के माध्यम से यह टीम भारतीय वायुसेना की दक्षता और भारत के गौरव को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला चुकी है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस भव्य आयोजन ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उत्सव में शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति के रंग भर दिए।

Related Articles

Back to top button