
रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा 2 अक्टूबर को रायपुर में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित होगा।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों का स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम में सर्वधर्म समभाव, आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से समाज में परस्पर सम्मान और सौहार्द की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यसभा सांसद एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा ने नागरिकों से राज्य स्तरीय प्रार्थना सभा में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, परस्पर सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गांधी और शास्त्री के आदर्शों का होगा स्मरण
2 अक्टूबर को देशभर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाती है। महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और मानवता के मूल्यों के लिए समर्पित रहा, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल प्रस्तुत की।
राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से दोनों महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए समाज में शांति, प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया जाएगा।




