छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

मंत्री राजेश अग्रवाल ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश

लखनपुर के ग्राम तराजू में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत हुआ व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत तराजू में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई और स्वच्छता के साथ जनभागीदारी का संदेश दिया।

मंत्री श्री अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों के साथ साप्ताहिक बाजार परिसर एवं तालाब के आसपास साफ-सफाई की। उन्होंने स्वयं झाड़ू और बेलचा थामकर श्रमदान किया तथा ग्रामीणों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की बुनियाद है। गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या विशेष दिवस तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों से घर और परिसर के साथ बाजार, सड़क, तालाब तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही ओडीएफ प्लस के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

तालाब और बाजार परिसर में हुआ सामूहिक श्रमदान

ग्राम तराजू में साप्ताहिक बाजार स्थल और तालाब के आसपास आयोजित सामूहिक श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के साथ लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, जलस्रोतों को स्वच्छ रखने और आसपास गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छ गांव के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों से अपने गांव की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में निरंतर सहयोग करने की अपील की गई।

सभी ग्राम पंचायतों में चला स्वच्छता अभियान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियां ग्राम तराजू तक सीमित नहीं रहीं। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों में स्थित शासकीय कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वच्छताग्राहियों ने श्रमदान कर कार्यालय एवं आंगनबाड़ी परिसरों की साफ-सफाई की।

इन गतिविधियों के माध्यम से ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को मजबूत करते हुए ग्रामीणों को अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

ग्राम तराजू में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री राकेश अग्रवाल, श्री राकेश साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री दिनेश बारी, श्री दिनेश साहू, जनपद सदस्य श्रीमती रजनी पैंकरा सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button