
रायपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने हीरापुर के टेगना तालाब एवं छुया तालाब, गुढ़ियारी के मच्छी तालाब, खमतराई, समता कॉलोनी, महादेव घाट और महाराजबंध तालाब सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की।

इस दौरान विकास उपाध्याय ने छठ व्रती माताओं और बहनों के साथ विधि-विधान से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने व्रती महिलाओं से आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
विकास उपाध्याय ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति और सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही त्याग, तपस्या, अनुशासन और परिवार के प्रति समर्पण की सीख देता है। छठ व्रती माताओं एवं बहनों की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।
छठ पूजा के अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पारंपरिक छठ गीतों और छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, आयोजन समितियों के पदाधिकारी, कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



