मनोरंजन

‘मक्कल कावलन’ की रिलीज़ डेट तय, 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देंगे के. मणिकंदन

जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने किया ऐलान, एक आम आदमी के संघर्ष और हक की लड़ाई पर आधारित है एक्शन ड्रामा

बिरला स्टूडियोज और नीलम स्टूडियोज ने अपनी आगामी फिल्म ‘मक्कल कावलन’ की रिलीज़ डेट का ऐलान कर दिया है। के. मणिकंदन स्टारर यह एक्शन ड्रामा 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। खास बात यह है कि फिल्म की रिलीज़ डेट की घोषणा मणिकंदन के जन्मदिन के अवसर पर की गई।

फिल्म का निर्देशन और लेखन संतोष कुमार ने किया है। ‘मक्कल कावलन’ की कहानी एक ऐसे आम आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सम्मान और आत्मसम्मान के साथ अपनी जिंदगी जीना चाहता है। लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था से उसका सामना होने के बाद उसकी निजी लड़ाई धीरे-धीरे एक बड़े संघर्ष का रूप ले लेती है।

कहानी में एक आम नागरिक के सामने खड़ी चुनौतियों, व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने के साहस और दूसरों के लिए खड़े होने की भावना को प्रमुखता दी गई है। हालात उसे अनजाने में उन लोगों की आवाज बना देते हैं, जो अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

‘गुड नाइट’, ‘लवर’ और ‘कुडुंबस्थान’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान मजबूत कर चुके के. मणिकंदन इस फिल्म में एक अलग अंदाज में नजर आएंगे। ‘मक्कल कावलन’ उनके करियर की एक्शन ड्रामा शैली में महत्वपूर्ण फिल्म मानी जा रही है।

फिल्म में मणिकंदन के साथ वागई चंद्रशेखर, ए. वेंकटेश, आर.के. विजयमुरुगन, शनमुगम मुथुसामी, सबुमोन, उन्नी माया और दिव्या श्रीपदा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

तकनीकी टीम की बात करें तो सिनेमैटोग्राफी प्रतीपन सेल्वरत्नम, एडिटिंग अरुल मोसेस और प्रोडक्शन डिजाइन पप्पनाडु सी. यू. उथयकुमार ने संभाला है। फिल्म के स्टंट्स डॉन अशोक की देखरेख में तैयार किए गए हैं, जबकि साउंड डिजाइन एंथनी जयरुबन, कॉस्ट्यूम डिजाइन सुरेशकुमार और मेकअप रामचंद्रन ने किया है।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एक बार फिर निवार्स के. प्रसन्ना ने संभाली है। इससे पहले वह ‘बाइसन कालामाडन’ के लिए भी संगीत दे चुके हैं।

‘मक्कल कावलन’ 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म की कहानी, दमदार एक्शन और आम आदमी के संघर्ष का विषय इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है।

Related Articles

Back to top button