क्यों रूठ गए बादल? शुरुआती तेजी के बाद अचानक ‘कोमा’ में क्यों गया मानसून; वैज्ञानिकों ने खोला राज

Weather Forecast: देश भर में गर्मी से राहत देने के लिए 4 जून, 2026 को समय से पहले दस्तक देने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून अचानक एक ऐसे गहरे संकट में फंस गया है, जिसकी कल्पना मौसम वैज्ञानिकों ने भी नहीं की थी. शुरुआती तेजी दिखाने के बाद मानसून की रफ्तार देश भर में इतनी बुरी तरह थम गई है कि जून के महीने में बारिश की भारी कमी दर्ज की जा रही है. खेत सूखे हैं और किसान आसमान की तरफ टकटकी लगाए बैठे हैं.
इन 5 कारणों ने रोका मानसून का रास्ता
मौसम वैज्ञानिकों ने मानसून के इस ब्रेकडाउन के पीछे मुख्य रूप से 5 बड़े खलनायकों की पहचान की है, जिन्होंने आपस में मिलकर भारत आ रहे बादलों का रास्ता रोक दिया है.
1. टाइफून जगमी का असर: जून की शुरुआत में हिंद महासागर में मानसून की एक जबरदस्त लहर उठी थी, जो भारत में भारी बारिश ला सकती थी. लेकिन प्रशांत महासागर में आए उष्णकटिबंधीय चक्रवात, जो बाद में टाइफून जगमी (Typhoon Jagmi) में बदल गया, उसने इस पूरी वायुमंडलीय ऊर्जा और नमी को बंगाल की खाड़ी से खींचकर अपनी तरफ (पूर्व की ओर) मोड़ लिया.
2. पश्चिमी विक्षोभ का हमला: उत्तर भारत में बार-बार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ असामान्य रूप से काफी दक्षिण तक आ गए. इन प्रणालियों ने उत्तर-पश्चिम से लगातार सूखी और गर्म हवाएं मैदानी इलाकों में भेजीं, जिससे मानसून के बादल बन ही नहीं पाए.
3. समानांतर हवाओं का धोखा: इस बार मानसून ट्रफ (कम दबाव वाले क्षेत्र) के साथ हवाएं मुड़ने और एक जगह जुटने के बजाय बिल्कुल सीधी और पश्चिम-से-पूर्व की तरफ समानांतर बहने लगीं. इसके चलते बंगाल की खाड़ी में वह ‘लो प्रेशर एरिया’ (कम दबाव का क्षेत्र) बन ही नहीं पाया, जो मानसून को आगे खींचता है.
4. मैडेन-जूलियन ऑसिलेशन (MJO) की बेरुखी: दुनिया भर में चक्कर काटने वाली ट्रॉपिकल बारिश की लहर यानी MJO जून के पहले पखवाड़े में भारत के लिए बेहद प्रतिकूल स्थिति में रहा, जिससे हिंद महासागर के ऊपर बादलों को कोई सपोर्ट नहीं मिला.
5. उभरता हुआ अल-नीनो: इसके साथ ही बैकग्राउंड में उभर रहे अल-नीनो ने रही-सही कसर पूरी कर दी और आंधी-तूफान वाले बादलों के बनने के माहौल को और कमजोर कर दिया.
जून के आखिरी हफ्ते में फिर से ‘दहाड़ेगा’ मानसून
मानसून की इस अभूतपूर्व सुस्ती के बाद अब आखिरकार आम जनता और किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आ रही है. मौसम का अनुमान लगाने वाले विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून के इस चक्रव्यूह के टूटने के दिन अब करीब आ गए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, जून के चौथे हफ्ते (आखिरी दिनों) में मैडेन-जूलियन ऑसिलेशन (MJO) भारत के लिए अनुकूल स्थिति में आ रहा है. इसके साथ ही ‘लो लेवल जेट’, ‘क्रॉस-इक्वेटोरियल फ्लो’ (भूमध्य रेखा के पार से आने वाली हवाएं) और ऊपरी स्तर की पूर्वी हवाएं तेजी से मजबूत हो रही हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि ये बदलाव उत्तर-पश्चिम से आ रही सूखी हवाओं के असर को पूरी तरह धो डालेंगे और जून के अंत तक पूरे भारत में मानसून अपनी पूरी ताकत के साथ फिर से सक्रिय हो जाएगा.




