छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

कोटमी में मुरुम का अवैध उत्खनन, मरवाही में रेत परिवहन करते वाहन जब्त

जीपीएम। जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर खनिज विभाग की टीम ने कोटमी और मरवाही क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन सहित तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

खनिज विभाग को शिकायत मिली थी कि कोटमी क्षेत्र में मुरुम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने मौके पर जांच की। इस दौरान अवैध उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर वाहन पाए गए। टीम ने तीनों वाहनों को जब्त कर कोटमी पुलिस चौकी में सुरक्षार्थ रखवा दिया।

इसी तरह मरवाही क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। खनिज विभाग की टीम ने वाहन जब्त कर उसे मरवाही थाने में सुरक्षित रखवाया है। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल चार वाहन जब्त किए गए हैं।

खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

खनिज विभाग के अनुसार, जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना अनुमति खनिजों का उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर सहित खनिज विभाग का जांच दल शामिल रहा। प्रशासन का कहना है कि खनिज संपदा का संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button