छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों के हुनर की चमक, ‘छत्तीसकला’ से मिल रही नई पहचान

कोसा साड़ी, बेल मेटल शिल्प और पारंपरिक उत्पादों का हो रहा प्रदर्शन एवं विक्रय, पांच जिलों की महिला उद्यमियों ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाई प्रतिभा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं का हुनर अब गांवों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहचान बना रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी लखपति दीदियां अपनी कला, मेहनत और उद्यमिता का प्रदर्शन कर रही हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन के हॉल नंबर-4 में लगाए गए ‘लखपति दीदी’ स्टॉल पर प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और स्थानीय उत्पादों की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है।

14 से 27 नवंबर तक आयोजित इस व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा, कोरबा, बस्तर, धमतरी और रायगढ़ जिलों के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी पांच लखपति दीदियां भाग ले रही हैं। इनके द्वारा तैयार किए गए कोसा साड़ी, आकर्षक जैकेट, कॉटन ड्रेस मटेरियल, पारंपरिक बेल मेटल की कलाकृतियां, स्थानीय मसाले और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। इन उत्पादों में छत्तीसगढ़ की लोककला, पारंपरिक शिल्प और ग्रामीण महिलाओं की रचनात्मकता की झलक दिखाई देती है।

‘छत्तीसकला’ ब्रांड से उत्पादों को मिल रहा नया बाजार

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत संचालित ‘छत्तीसकला’ ब्रांड ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसके जरिए स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार पारंपरिक और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भागीदारी से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को देशभर से आए व्यापारियों, उद्यमियों और खरीदारों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इससे उन्हें नए ग्राहक बनाने, उत्पादों की मांग समझने और भविष्य में व्यावसायिक संबंध विकसित करने में मदद मिल सकती है।

बिहान की दीदियां बन रहीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

बिहान मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर पारंपरिक आजीविका गतिविधियों के साथ-साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समूहों के माध्यम से उन्हें कौशल विकास, उत्पादन, विपणन और आजीविका संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

लखपति दीदी पहल का उद्देश्य महिलाओं की नियमित आय बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इससे महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी विकसित कर रही हैं।

‘विकास और विरासत’ की थीम को दे रहीं सार्थक रूप

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों की भागीदारी इस थीम को सार्थक रूप प्रदान कर रही है। महिलाएं एक ओर प्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर अपने उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिला उद्यमिता की बढ़ती भूमिका को भी प्रदर्शित कर रही हैं।

नई दिल्ली के इस प्रतिष्ठित व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की पांच महिला उद्यमियों की भागीदारी प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक स्वावलंबन और उद्यमशीलता का परिचायक है। ‘छत्तीसकला’ जैसे मंचों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और महिला स्व-सहायता समूहों को नई व्यावसायिक संभावनाओं से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

Related Articles

Back to top button