
रायपुर । आम आदमी पार्टी के नेता विजय झा ने प्रदेश की जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा 15 अक्टूबर से प्रदेश भर की सड़कों की मरम्मत शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन नवंबर का आधा महीना बीत जाने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है। प्रमुख जिलों की बदहाल स्थिति सरकार की विफलता को उजागर किया है।
उन्होंने बताया कि दुर्ग और महासमुंद शहर की बदहाल सड़कों को नई शक्ल देने की तैयारी डामर की महंगाई और प्रशासनिक लेटलतीफी की भेंट चढ़ गई है। स्थिति यह है कि 4 बार टेंडर जारी होने के बावजूद काम करने के लिए कोई एजेंसी नहीं मिल पाई है, जिसके चलते शहर की 12 प्रमुख सड़कों का निर्माण व मरम्मत कार्य पूरी तरह रुका हुआ है।राजनांदगांव जिले में स्थिति और भी भयावह है। यहाँ 100 से अधिक सड़कें इस कदर बदहाल हैं कि वे चलने लायक भी नहीं बची हैं। विडंबना यह है कि इन सड़कों की मरम्मत के लिए विभाग के पास फंड तक उपलब्ध नहीं है।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ताहीनता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रायपुर-जगदलपुर मुख्य मार्ग पर लालपुर से शादाणी दरबार तक 35 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनी सड़क महज 5 साल में ही पूरी तरह खराब हो गई है। अब जनता की गाढ़ी कमाई के 20 करोड़ रुपये फिर से इसकी मरम्मत के नाम पर खर्च किए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। खराब सड़कों और गड्ढों की वजह से प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 60 प्रतिशत मौतें खराब सड़कों के कारण हो रही हैं।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि सरकार तत्काल प्रभाव से प्रदेश की सभी जर्जर सड़कों का युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराए, गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करे और जनता को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराए। यदि जल्द ही सड़कों की सुध नहीं ली गई, तो आम आदमी पार्टी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।




