
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स के स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छोटे कारोबारियों से मुलाकात कर उनके व्यवसाय, उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, बिक्री और आमदनी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पथ विक्रेताओं के कारोबार को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए थे। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इन स्टॉलों पर पहुंचकर विक्रेताओं से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ कुल्हड़ में चाय पी और छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय व्यंजन गुपचुप तथा फरा का स्वाद भी लिया। इस दौरान उन्होंने छोटे व्यापारियों के उत्पादों और उनकी मेहनत में रुचि दिखाई।
‘कुल्हड़ पर चौपाल’ में महिला पथ विक्रेताओं से किया संवाद
महोत्सव का विशेष आकर्षण ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ रहा, जहां उप मुख्यमंत्री श्री साव ने पीएम स्वनिधि योजना की महिला हितग्राहियों के साथ बैठकर चाय पी और उनके अनुभव सुने। उन्होंने महिलाओं से उनके व्यवसाय, आर्थिक स्थिति और योजना से मिले लाभों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
महिला पथ विक्रेताओं ने बताया कि योजना से उन्हें अपना छोटा कारोबार संचालित करने और उसे आगे बढ़ाने में सहायता मिली है। आत्मीय संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं को अपने व्यवसाय का विस्तार करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्थानीय परंपरा और स्वच्छता का संदेश
‘कुल्हड़ पर चौपाल’ के माध्यम से मिट्टी के कुल्हड़ों के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। इससे स्थानीय कुम्हारों और पारंपरिक शिल्प को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ प्लास्टिक के विकल्प अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
पीएम स्वनिधि महोत्सव का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उनके कार्यों को पहचान दिलाना है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री की सहभागिता से स्ट्रीट वेंडर्स और महिला हितग्राहियों में उत्साह देखने को मिला।




