
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि ठेला-खोमचा लगाकर और छोटे व्यवसाय के माध्यम से परिवार चलाने वाले लोगों के लिए पीएम स्वनिधि योजना आर्थिक सहारा बनकर उभरी है। इस योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों के कर्ज और भारी ब्याज से राहत दिलाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। अब उनकी मेहनत की कमाई कारोबार के विस्तार, बच्चों की शिक्षा और परिवार की खुशहाली में खर्च हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि छोटे कारोबारी आर्थिक रूप से मजबूत बनें और सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
उप मुख्यमंत्री श्री साव बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित पीएम स्वनिधि के संभाग स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ किया और इसके पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट ठेला पंजीयन से पथ विक्रेताओं को पहचान मिलेगी और उन्हें अपना व्यवसाय संचालित करने में सुविधा होगी। कार्यक्रम में हितग्राहियों को यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स भी वितरित किए गए।
छोटे कारोबारियों को मिला आर्थिक संबल
श्री साव ने कहा कि छोटे व्यवसायियों का जीवन कठिन परिश्रम और संघर्ष से भरा होता है। पहले उन्हें कारोबार चलाने के लिए साहूकारों से ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेना पड़ता था। कोरोना महामारी के दौरान इन परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू कर पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की पहल की।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण लेकर कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने पथ विक्रेताओं से नियमित रूप से ऋण चुकाने, डिजिटल लेन-देन अपनाने और योजना के अगले चरणों का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही पात्र हितग्राहियों को 30 हजार रुपये तक की यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।
प्रतिभाशाली बच्चों और उत्कृष्ट हितग्राहियों का सम्मान
सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने सफल पथ विक्रेताओं और उनके प्रतिभाशाली बच्चों को मंच पर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबारियों की आर्थिक मजबूती से उनके परिवारों का भविष्य बेहतर होगा। जब एक-एक परिवार आत्मनिर्भर बनेगा, तभी प्रदेश और देश विकसित होगा।
कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया। स्वनिधि चौपाल में हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के प्रयास किए गए।
छत्तीसगढ़ के 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिला ऋण
सम्मेलन में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में अब तक पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को लगभग 282 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। योजना में बिना गारंटी ऋण के साथ 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन पर अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान है। इससे छोटे कारोबारियों को वित्तीय सहायता के साथ बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बिलासपुर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में शहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगरीय निकायों, बैंकर्स, अधिकारियों और योजना के हितग्राहियों को बधाई दी।
पथ विक्रेता अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। पथ विक्रेता भारतीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पीएम स्वनिधि योजना उन्हें आर्थिक संबल के साथ आत्मविश्वास तथा सम्मान भी प्रदान कर रही है।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाकर सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दे रही है। उन्होंने पात्र लोगों को योजना से जोड़ने और ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया। कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने भी निजी कर्ज की कठिनाइयों से छोटे व्यवसायियों को राहत दिलाने में योजना की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि हाट-बाजारों, सड़कों और चौक-चौराहों पर व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेता आम नागरिकों की दैनिक जरूरतें पूरी करते हैं। उनका योगदान समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से ऋण संबंधी औपचारिकताओं को सरल बनाने और छोटे उद्यमियों को सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, कोरबा निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।




