
मनेन्द्रगढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में की गई व्यवस्थाओं से किसानों को राहत मिल रही है। ऑनलाइन टोकन सुविधा ने धान बेचने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बना दिया है। अब किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए समिति कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इसका लाभ उठाते हुए ग्राम देवाडांड के किसान प्रियांशु दुबे अपनी 51.20 क्विंटल धान की उपज लेकर स्थानीय उपार्जन केंद्र पहुंचे।
किसान प्रियांशु दुबे ने बताया कि इस वर्ष उन्हें घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से धान बिक्री का टोकन मिल गया। इससे उनका काफी समय और श्रम बचा। पहले टोकन प्राप्त करने के लिए समिति कार्यालय जाना पड़ता था और कई बार लंबा इंतजार भी करना पड़ता था। लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था के कारण अब निर्धारित तिथि की जानकारी पहले ही मिल जाती है। इससे किसान अपनी उपज की कटाई, परिवहन और बिक्री की तैयारी समय पर कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि देवाडांड उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, पर्याप्त बारदाना, बैठने की सुविधा और शौचालय की व्यवस्था है। धान की तौल और खरीदी की प्रक्रिया भी व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी हो रही है।
प्रियांशु दुबे ने कहा कि धान की खेती में किसानों को कई महीनों तक मेहनत करनी पड़ती है। बीज, खाद, सिंचाई, मजदूरी और अन्य कृषि कार्यों में काफी लागत आती है। ऐसे में शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसानों को आर्थिक संबल मिलता है। बेहतर मूल्य मिलने से परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ अगली फसल की तैयारी में भी सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं से धान बिक्री की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान हुई है। किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है और वे निर्धारित समय पर अपनी उपज बेच पा रहे हैं।
किसान प्रियांशु दुबे ने धान खरीदी व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने तथा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्थाएं खेती-किसानी को प्रोत्साहन देने के साथ किसानों का भरोसा भी मजबूत करती हैं।




