मनोरंजन

अमिताभ बच्चन को पन्नू की धमकी, ‘जलसा’ के बाहर जुटने का ऐलान; 11 लाख का इनाम

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर धमकी भरा संदेश सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कथित तौर पर अपने समर्थकों से 19 से 27 नवंबर के बीच मुंबई स्थित अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ के बाहर जुटने का आह्वान किया है।

बताया जा रहा है कि पन्नू ने अमिताभ बच्चन के खिलाफ संदेश जारी करते हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों का हवाला दिया और उनके आवास पर ‘खालिस्तान जलसा’ आयोजित करने के लिए 11 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। पन्नू ने अभिनेता पर दंगों के दौरान भड़काऊ नारे लगाने का आरोप लगाया है। हालांकि, अमिताभ बच्चन इन आरोपों का पहले भी खंडन कर चुके हैं।

अमिताभ बच्चन ने नवंबर 2011 में अकाल तख्त के तत्कालीन जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह को पत्र लिखकर इन आरोपों को निराधार बताया था। उन्होंने 1984 की हिंसा की निंदा करते हुए कहा था कि उनका सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा भड़काने से कोई संबंध नहीं है। इस पुराने विवाद को लेकर अलग-अलग पक्षों के दावे सामने आते रहे हैं।

सुरक्षा को लेकर पहले भी सामने आ चुकी हैं धमकियां

अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ को इससे पहले भी धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हाल के दिनों में उनके और बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की ओर से कथित धमकी दिए जाने की खबरें भी सामने आई हैं। वहीं, मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहले मिली धमकियों की जांच कर चुकी हैं।

पन्नू की ओर से कथित तौर पर जारी ताजा संदेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, 19 से 27 नवंबर के बीच प्रस्तावित जमावड़े को लेकर पुलिस की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई या सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी सामने आने की प्रतीक्षा है।

Related Articles

Back to top button