
रायपुर । राजधानी रायपुर में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकाली गई। सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक आयोजित इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब देश के लोकतंत्र और संविधान पर संकट आया है, तब-तब भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुनावों में नकारे जाने के बाद विपक्ष अब अराजकता और भीड़तंत्र के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।

जनसभा को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि देश में आपातकाल के दौरान जब जनता के अधिकारों का हनन हुआ, तब जनसंघ और भाजपा ने खुलकर उसका विरोध किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता ने लगातार तीसरी बार विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें जनसेवा के कार्यों में जुटी हुई हैं।
कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब उसे लोकतंत्र और ईवीएम पर कोई सवाल नजर नहीं आता। लेकिन जब जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के समर्थन में जनादेश देती है, तब विपक्ष लोकतंत्र खतरे में होने की बात करने लगता है।
सांसद ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के हित में योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास की इस गति से परेशान होकर कांग्रेस देशभर में अशांति और उपद्रव का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली में कांग्रेस की रैली का उल्लेख करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने दावा किया कि अव्यवस्था और उपद्रव के कारण दिल्ली के व्यापारियों को एक दिन में करीब 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के हितों को सर्वोपरि रखता है। रायपुर में निकाली गई पदयात्रा पूरी तरह अनुशासित रही, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने का आह्वान किया। अग्रवाल ने कहा कि जब भी लोकतंत्र पर चोट करने का प्रयास होगा, भाजपा का कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर उसका मजबूती से मुकाबला करेगा।
पदयात्रा और जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, अखिलेश सोनी, रायपुर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



