छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

महतारी वंदन योजना से 2.69 लाख महिलाएं बाहर कैसे हुईं? सरकार जवाब दे : विकास उपाध्याय

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पूछे सवाल, नए पंजीयन शुरू करने और वंचित महिलाओं को योजना का लाभ देने की उठाई मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से योजना के लाभार्थियों की घटती संख्या और नए पंजीयन शुरू नहीं किए जाने को लेकर जवाब मांगा है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महतारी वंदन योजना का खूब प्रचार कर रही है, लेकिन योजना के वास्तविक लाभार्थियों की संख्या में कमी आने पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मार्च 2024 में लगभग 70 लाख 9 हजार महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा था, जबकि नवंबर 2026 तक यह संख्या घटकर 67 लाख 40 हजार रह गई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 2 लाख 69 हजार महिलाएं योजना से बाहर कैसे हो गईं? सरकार बताए कि इन महिलाओं को योजना के लाभ से वंचित करने का क्या कारण है और इसका पूरा हिसाब जनता के सामने रखा जाए।

पूर्व विधायक ने नए पंजीयन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में कई महिलाएं 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी हैं। इसके अलावा कई महिलाओं की शादी हुई है और कुछ महिलाएं किन्हीं कारणों से पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं। ऐसे में पात्र महिलाओं के लिए नए पंजीयन कब शुरू किए जाएंगे, सरकार को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

विकास उपाध्याय ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल प्रचार और फोटो खिंचवाने का माध्यम बनकर नहीं रहनी चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र महिला को योजना का लाभ मिले। जिन महिलाओं का भुगतान रोका गया है, उन्हें इसका स्पष्ट कारण बताया जाए और नए पंजीयन तत्काल शुरू किए जाएं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माताओं और बहनों को सरकारी प्रचार नहीं, बल्कि उनका अधिकार चाहिए। सरकार को योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाते हुए सभी पात्र महिलाओं को लाभ सुनिश्चित करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button