
रायपुर। समय से पहले जन्मे नवजात की तबीयत बिगड़ने पर परेशान परिजनों ने आधी रात को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मदद मांगी। मंत्री ने तत्काल उनकी बात सुनी और बच्चे को बेहतर इलाज दिलाने के लिए विशेष नियोनेटल एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक, गर्भावस्था के सातवें महीने में जन्मे बच्चे को जन्म के कुछ समय बाद ही बेहतर चिकित्सा देखभाल की जरूरत पड़ी। परिवार बच्चे की स्थिति को लेकर चिंतित था। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर बिलासपुर से विशेष एम्बुलेंस रायगढ़ भेजी गई।
एम्बुलेंस के जरिए नवजात को रायगढ़ से रायपुर लाया गया, जहां उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
परिजनों की आधी रात की गुहार पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की इस पहल से नवजात को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।




