छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर बिरगांव में AAP का कार्यक्रम, छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर करेगी माल्यार्पण

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी (AAP) बिरगांव में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राज्योत्सव मनाएगी। इस मौके पर पार्टी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देगी।

कार्यक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण जिन उम्मीदों और सपनों के साथ हुआ था, वे 25 साल बाद भी पूरी तरह साकार नहीं हो पाए हैं। राज्य गठन के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों को सत्ता में रहने का अवसर मिला, लेकिन प्रदेश की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया।

पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से सत्ता संभालते हुए छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, जल, जंगल और जमीन का दोहन किया। इसके चलते प्रदेश के आम लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाओं और विकास के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास प्राकृतिक संसाधनों और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की जनता को विकास का पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। पार्टी का दावा है कि जनता यदि आने वाले समय में उसे सेवा का अवसर देती है, तो दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर पारदर्शी, ईमानदार और जनहितकारी सरकार देने का प्रयास किया जाएगा।

बिरगांव में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे। पार्टी ने सभी प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।

Related Articles

Back to top button