छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में दिखेगी संस्कृति, विकास और नए छत्तीसगढ़ की तस्वीर

1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर में सजेगा उत्सव का मंच, मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ और अमित शाह होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि

रायपुर । छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेश में तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, मेला ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में प्रदेश की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, विकास की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं की झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

राज्योत्सव का शुभारंभ केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के मुख्य आतिथ्य में होगा। 2 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 3 नवंबर को समापन समारोह केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।

विकास और विरासत का दिखेगा संगम

राज्योत्सव परिसर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों पर आधारित प्रदर्शनियां लोगों को राज्य की विकास यात्रा से रूबरू कराएंगी। वहीं शिल्पग्राम में प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, लोककला और कारीगरों की प्रतिभा देखने को मिलेगी। आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

2 नवंबर को आसमान में दिखेगा वायुसेना का पराक्रम

इस बार राज्योत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो होगा। 2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए रोमांचक हवाई करतब दिखाए जाएंगे। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम आकर्षक हवाई संरचनाओं और सामूहिक उड़ान का प्रदर्शन करेगी। टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं।

तीनों शाम सजेगी संगीत और संस्कृति की महफिल

राज्योत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। स्थानीय कलाकारों को शाम 4 बजे, राज्य स्तरीय कलाकारों को शाम 7 बजे और राष्ट्रीय कलाकारों को रात 8 बजे मंच मिलेगा।

संगीत प्रेमियों के लिए भी खास प्रस्तुतियां रखी गई हैं। 1 नवंबर को पार्श्व गायिका पलक मुच्छल, 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। छत्तीसगढ़ के लोकगीतों और लोकनृत्यों के साथ राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां समारोह को खास बनाएंगी।

सभी जिला मुख्यालयों में भी होंगे आयोजन

राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को प्रदेशव्यापी स्वरूप देते हुए 2 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में भी राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति, प्रतिभाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्योत्सव उनके योगदान को याद करने के साथ प्रदेश की उपलब्धियों और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर भी बनेगा। इस बार का आयोजन विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा नवाचार को समर्पित रहेगा।

Related Articles

Back to top button