
रायपुर। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में 29 अक्टूबर को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ का राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशभर से चयनित 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जल, जंगल और प्रकृति को बचाना आज की बड़ी जरूरत है। स्काउट्स और गाइड्स जल संचयन, वन संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भी सराहना की।
राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउटिंग का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ जीवन में हर परिस्थिति का सामना करने और जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने व्यवहार से दूसरों को प्रेरित करने की अपील की।
समारोह में कुल 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को राज्य पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्काउटर, गाइडर, रोवर, रेंजर और प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। दीर्घकालीन सेवाओं के लिए छह लोगों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना विकसित करती है। इससे जुड़े लोग जीवनभर समाजसेवा के लिए प्रेरित रहते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल करने के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।




