छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

खैरागढ़ में 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव, नौ विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में युवाओं की कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, कैंपस-2 खैरागढ़ में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।

आयोजन में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

युवा उत्सव में कुल नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा, रॉकबैंड और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को अपनी कला और नए विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। वहीं संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रत्येक विधा के लिए प्रतिभागियों की संख्या और प्रस्तुति की समय-सीमा तय की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार, युवा उत्सव का उद्देश्य जिले की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

Related Articles

Back to top button