
रायपुर। बस्तर संभाग के दिव्यांगजनों और नक्सल हिंसा से प्रभावित जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दंतेवाड़ा में 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक विशाल निःशुल्क दिव्यांग सहायता एवं उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन करली में होने वाले इस शिविर से केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे नक्सल हिंसा एवं आईईडी ब्लास्ट से प्रभावित लोगों से संवाद भी करेंगे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा भी शिविर में शामिल होंगे।
दिव्यांगजनों को मिलेंगे जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण
शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य बस्तर के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक जरूरी सहायता पहुंचाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग देना है।
विशेष रूप से नक्सल हिंसा के कारण दिव्यांग हुए लोगों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि वे दैनिक गतिविधियों को आसानी से पूरा कर सकें और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में भी भागीदारी बढ़ा सकें।
तीन जिलों के 768 हितग्राही चिन्हांकित
शिविर के लिए दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के कुल 768 दिव्यांग हितग्राहियों को चिन्हांकित किया गया है। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार दंतेवाड़ा के 509, बीजापुर के 197 और सुकमा के 62 हितग्राहियों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
आईईडी ब्लास्ट से दिव्यांग हुए 30 लोगों को मिलेगी सहायता
शिविर के लिए चिन्हांकित हितग्राहियों में नक्सल घटनाओं के दौरान आईईडी ब्लास्ट में दिव्यांग हुए 30 व्यक्ति भी शामिल हैं। इन लोगों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन उपकरणों से प्रभावित लोगों को चलने-फिरने, दैनिक कार्य करने और आजीविका संबंधी गतिविधियों में हिस्सा लेने में मदद मिलेगी। शिविर में प्रत्येक हितग्राही की जरूरत को ध्यान में रखकर उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
अमित शाह करेंगे नक्सल हिंसा पीड़ितों से संवाद
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह वर्चुअल माध्यम से शिविर से जुड़कर दिव्यांगजनों और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। वे नक्सल हिंसा से प्रभावित व्यक्तियों से संवाद कर उनकी परिस्थितियों, समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी लेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा शिविर में उपस्थित रहकर दिव्यांगजनों और नक्सल हिंसा प्रभावित हितग्राहियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
जिलेवार निर्धारित किया गया कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुकमा और बीजापुर जिले के दिव्यांगजन तथा नक्सल हिंसा प्रभावित हितग्राही शिविर में शामिल होंगे। वहीं, 16 अक्टूबर को दंतेवाड़ा जिले के हितग्राहियों को लाभान्वित करने की व्यवस्था की गई है। शिविर 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
इस पहल से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों और नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों को जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।




