छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, 2026-27 में 7% विकास दर का अनुमान: मुख्यमंत्री साय

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तेज आर्थिक प्रगति ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को दे रही मजबूती

रायपुर । वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूत विकास दर देश की सुदृढ़ अर्थव्यवस्था और प्रभावी आर्थिक नीतियों को दर्शाती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आर्थिक विकास दर संबंधी अनुमान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आर्थिक प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि आईएमएफ ने वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। वहीं, वर्ष 2026 में वैश्विक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उनके अनुसार, यह अंतर भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती, निरंतर विकास और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता को रेखांकित करता है।

आर्थिक सुधारों और निवेश से मिली विकास को गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में किए गए व्यापक आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में बड़े निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन और उद्यमिता के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने जैसे प्रयासों से देश की विकास यात्रा को नई गति मिली है। भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ दुनिया की आर्थिक वृद्धि में भी अहम योगदान दे रहा है।

‘विकसित भारत @2047’ की दिशा में मजबूत कदम

साय ने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को मजबूती प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान दे रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश में निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा प्रदेश के विकास को नई गति देना है।

Related Articles

Back to top button