छत्तीसगढ़राज्य

जल जीवन मिशन के कार्यों में देरी पर कलेक्टर नाराज, अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने नाराजगी जताई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। बैठक में निर्मित योजनाओं के देयकों के भुगतान और अपूर्ण कार्यों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समयावधि देने संबंधी प्रस्तावों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

‘पेयजल गाथा’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी पर जोर

बैठक में भारत सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन प्रतियोगिता ‘पेयजल गाथा’ में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, जल गुणवत्ता और सामुदायिक जल प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करना भी इसका लक्ष्य है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थी हिंदी और अंग्रेजी भाषा में अपनी कहानियां एवं नवाचारी विचार 8 दिसंबर 2026 तक मायगोव पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता एवं मिशन की सदस्य सचिव प्रिया सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button