छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने दिए निर्देश, दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में होंगे सुरक्षा उपाय

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर ने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यकतानुसार गति अवरोधक, संकेतक बोर्ड, सड़क चौड़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का पालन कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

कलेक्टर ने पुलिस, यातायात और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास की सड़कों का निरीक्षण करने को कहा। नगरीय क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और आवारा पशुओं के कारण बाधित होने वाली यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क सुरक्षा एक्शन प्लान और ट्रामा सेंटर पर चर्चा

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई और पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी ली गई।

जिला सड़क सुरक्षा एक्शन प्लान-2026 के क्रियान्वयन, जिले में ट्रामा सेंटर की स्थापना और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। बैठक में नेक व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने और पीएम राहत योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर प्रतिमा अभिषेक झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला परिवहन अधिकारी आनंद शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बैठक के विभिन्न एजेंडों और विभागवार की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button