
रायपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र सहित रायपुर के विभिन्न गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान उन्होंने हीरापुर, टाटीबंध सहित विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धापूर्वक अरदास की। साथ ही सिख समाज के धर्मगुरुओं, वरिष्ठजनों और संगत से मुलाकात कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विकास उपाध्याय ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता, प्रेम, भाईचारे, समानता और सेवा का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता एवं सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर मानव सेवा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

इस पावन अवसर पर विकास उपाध्याय ने प्रदेश एवं रायपुरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी से गुरु नानक देव जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।





