छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

रिसाली निगम को 205 करोड़ की विकास सौगात, सीएम साय ने 68 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 24 नवंबर को दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां करीब 68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए 137 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों की घोषणा भी की। इन योजनाओं में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने और मुक्तिधामों का सौंदर्यीकरण करने जैसे कार्य शामिल हैं।

गुरुद्वारे में माथा टेककर लंगर में हुए शामिल

दुर्ग जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व के अवसर पर माथा टेका। उन्होंने गुरुद्वारे में आयोजित लंगर में भी सहभागिता की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भिलाई कंट्रोल रूम में नवनिर्मित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर और विधायक रिकेश सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

किसान मोर्चा ने हल भेंटकर किया स्वागत

कार्यक्रम में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को हल भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही आवास योजना के लाभार्थियों को मकान की चाबियां और स्वनिधि योजना के तहत सहायता राशि भी प्रदान की।

स्वच्छ पेयजल के लिए 134 करोड़ की वृहद योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने वृहद पेयजल योजना के तहत लगभग 134 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराने की घोषणा की। इस योजना से क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

इसके अलावा नेवई और जोरातराई मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये तथा नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इन कार्यों से शहरी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रिसाली क्षेत्र में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button