क्राइम

रायपुर में मुंबई की महिला 12 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार, कीमत 6 लाख रुपये

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने मुंबई की एक महिला को 12 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने महिला को सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास से पकड़ा। आरोपी की पहचान सोनाली मोटे (42 वर्ष), निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर मौजूद है। वह वहां से कहीं जाने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

बैग की तलाशी में मिला 12 किलो गांजा

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर से मिले हुलिए के आधार पर महिला की पहचान की और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनाली मोटे और मुंबई का निवासी होना बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके पास रखे अलग-अलग बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनमें गांजा मिला। पुलिस ने कुल 12 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ डी.डी. नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उससे गांजे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके लिए सप्लाई से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button