
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस, आबकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और समाज कल्याण विभाग द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण तथा नशामुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले की सभी मदिरा दुकानों और मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे लगवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले जब्त वाहनों को नियमानुसार राजसात करने की कार्रवाई करने को भी कहा। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, जिला आबकारी अधिकारी कुसुम जोल्हे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




