छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

रंगदारी मामले ने खोली कांग्रेस की आपसी गुटबाजी की पोल-अज़ीम खान, रायपुर लोकसभा अध्यक्ष, आप

 

रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से गैंगस्टर के नाम पर कथित रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस के अंदर चल रही कथित गुटबाजी से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

आप के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान ने आरोप लगाया कि इस मामले ने कांग्रेस के भीतर चल रहे राजनीतिक टकराव को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर वर्चस्व और राजनीतिक प्रभाव को लेकर खींचतान का असर अब सार्वजनिक रूप से दिखाई देने लगा है।

 

आप के रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नन्दे ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों के बजाय कांग्रेस के नेताओं के बीच आपसी विवाद और गुटबाजी सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते धमकी जैसे गंभीर आरोप सामने आते हैं, तो शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।

 

पुलिस ने मामले में पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर सहित एक होटल कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है। आप नेताओं ने पुलिस से पूरे प्रकरण की सभी पहलुओं से जांच करने और कथित साजिश के पीछे यदि कोई अन्य व्यक्ति शामिल हो तो उसकी भी पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

आप नेताओं का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रंगदारी और धमकी के पीछे वास्तविक वजह क्या थी तथा इसमें अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

Related Articles

Back to top button