
रायपुर । आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, नशे और आवारा मवेशियों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी के अनुसार, यह ज्ञापन तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर के माध्यम से प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में दिया गया। इसी तरह की सात सूत्रीय मांगों को लेकर AAP ने हाल में रायपुर में भी प्रदर्शन किया था।
आप नेताओं ने एग्रीस्टेक पंजीयन और रकबा समर्पण की प्रक्रिया सरल करने, सरकारी स्कूलों में सुधार, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, बिजली बिलों में राहत, आवारा मवेशियों के व्यवस्थापन और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग रखी।
पार्टी ने गौधाम योजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग भी की। रायपुर में कलेक्टर को ज्ञापन देने वालों में सूरज उपाध्याय, कलावती मार्को, अजीम खान, मिथलेश साहू, इमरान खान, घनश्याम तिवारी, संजय गुप्ता, शिव शर्मा, वीरेंद्र पवार और विकास दास मानिकपुरी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।




