छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराज्यरायपुर

रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ

अत्याधुनिक मशीनरी और उपचार सुविधाओं का किया अवलोकन

रायपुर . रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नई कैंसर इकाई में उपलब्ध उपचार सुविधाओं एवं अत्याधुनिक मशीनरी का अवलोकन किया और अस्पताल प्रबंधन तथा चिकित्सकों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप दवे को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप दवे का कैंसर से निधन हुआ था। इस व्यक्तिगत पीड़ा ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्य करने के संकल्प को मजबूत किया, जिसका परिणाम आज रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के रूप में सामने आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान आने वाले समय में हजारों-लाखों मरीजों को बेहतर कैंसर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर मरीजों को अब एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की ऐसी पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को आधुनिक उपचार के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही प्रदेश में मिल सकें।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर केवल मरीज की ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पीड़ा होती है। उन्होंने कैंसर की समय पर पहचान के लिए नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उनके अनुसार प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर उपचार की संभावनाएं काफी बेहतर हो जाती हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुरू होने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण नई कड़ी जुड़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज हो चुके हैं। इसके साथ ही सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। बस्तर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के विकास से गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा प्रदेश में ही मिल रही है।
कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ छत्तीसगढ़ में आधुनिक कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button