
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान, अमर सेनानियों के शौर्य एवं बलिदान, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवगाथा तथा राज्य में सुशासन एवं विकास की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की प्रेरक गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी इतिहास, विरासत और विकास के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रायपुर की ऐतिहासिक धरोहर टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है।
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा, स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवगाथा, महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक है। इसमें महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियां भी प्रदर्शित की गई हैं।
प्रदर्शनी में एआई आधारित विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि में अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। साथ ही विजिटर डायरी और राज्य की विकास यात्रा पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं से प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास एवं विकसित छत्तीसगढ़ की यात्रा को जानने का आग्रह किया।




