
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की भावना के प्रतीक बनेंगे। आने वाली पीढ़ियों को इनसे यह प्रेरणा मिलेगी कि देश और प्रदेश की प्रगति में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल को बताया प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होना जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ में प्रदेशभर की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में प्रदेशवासियों ने डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की थी।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है। विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के दीर्घकालीन विकास की दिशा तय की है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जाए।
वैश्विक निवेश और अवसरों से जुड़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी वैश्विक निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के अवसरों से जुड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना। इस दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास लगातार बढ़ रहा है और इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों को भी मिल रहा है।
‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘वी विल डू इट’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से इसे हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण करने पर प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नागरिकों से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में सहभागिता कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।




