छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल और वैश्विक सहयोग के भी खुले रास्ते

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा निवेश और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश को इस यात्रा के दौरान करीब ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुईं। इसके साथ ही कौशल विकास, एआई, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि प्रसंस्करण, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सहयोग की संभावनाएं बनी हैं।

सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेशकों के सामने प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और विकास की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से इस फोरम के लिए छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था।

एआई डेटा सेंटर में ₹41,750 करोड़ का प्रस्ताव

सिंगापुर की Energy Capital Global ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था और अत्याधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई पहचान दिला सकती है।

इसके अलावा Sunstream Green Energy की ओर से सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के क्षेत्र में ₹1,500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव सामने आए। Valency International ने एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब के लिए ₹350 करोड़ के निवेश में रुचि दिखाई।

इन प्रस्तावों से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल के नए अवसर पैदा होने के साथ स्थानीय एमएसएमई, स्टार्टअप और किसानों को वैश्विक कंपनियों की सप्लाई चेन तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

युवाओं के कौशल विकास पर जोर

छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को मजबूत करने के लिए समझौता किया। इसके तहत उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख कौशल विकास पर काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि निवेश के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर तैयार करना है।

वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर संवाद

सिंगापुर में आयोजित CEO Roundtable में TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश, तकनीक और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

Global Finance & Technology Network के साथ एआई और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं के प्रशिक्षण तथा स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने पर विचार हुआ। वहीं Aquatech Pacific Holdings के साथ औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग और Adroit Overseas के साथ फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

पर्यटन और हरित विकास में भी सहयोग की तैयारी

छत्तीसगढ़ ने सिंगापुर के Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ भी सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत की। इन साझेदारियों के माध्यम से नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी हरित क्षेत्रों के विस्तार और नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब निवेश, तकनीक, कौशल और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिए तैयार है। सरकार निवेशकों के साथ निरंतर फॉलो-अप कर परियोजनाओं को जमीन पर उतारने की दिशा में तेजी से काम करेगी।

उन्होंने कहा कि इन निवेशों का वास्तविक उद्देश्य प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, स्थानीय उद्योगों के लिए नए अवसर और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाना है।

सिंगापुर दौरे से प्राप्त निवेश प्रतिबद्धताएं और विभिन्न संस्थाओं के साथ हुई चर्चाएं छत्तीसगढ़ को निवेश, एआई, कौशल विकास, हरित अर्थव्यवस्था, कृषि प्रसंस्करण और पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button