
रायपुर । बस्तर ओलंपिक 2026 को लेकर युवाओं और खेल प्रतिभाओं में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं अपना पंजीयन कराया। इस दौरान उन्होंने बस्तर ओलंपिक के शुभंकर के साथ तस्वीर भी खिंचवाई और आयोजन में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वन मंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक दूरदराज के गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का बड़ा मंच है। इसका उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बस्तर के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर देना भी है।
इस बार दोगुने पंजीयन का लक्ष्य
केदार कश्यप ने बताया कि वर्ष 2025 में बस्तर ओलंपिक के लिए 3 लाख 91 हजार 289 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इस वर्ष आयोजन में पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने युवाओं, महिलाओं और खेलप्रेमियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में बस्तर ओलंपिक से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को मैदान तक लेकर आएं।
गांव-गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
वन मंत्री ने कहा कि बस्तर के हर गांव में खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं। जरूरत है कि उन्हें उचित मंच और अवसर मिले। बस्तर ओलंपिक के माध्यम से सुदूर क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा और उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान मिल सकेगी।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भी अधिक से अधिक खिलाड़ियों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की नई पहचान उसके प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवाओं से बनेगी।
कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




