
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद सामने आई अंदरूनी खींचतान को लेकर भाजपा नेताओं ने पार्टी पर निशाना साधा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी अब आपसी लड़ाई में ही समाप्त होने वाली है। वहीं, सांसद संतोष पांडेय ने भी कांग्रेस के नेताओं के बीच चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को फिर से ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत है।

कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में जनता को परेशान किया: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस में जारी विवाद को लेकर कहा कि पार्टी में इस तरह की खींचतान पहले भी होती रही है और अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल को भुगता है। उनके मुताबिक, अब पार्टी आपसी लड़ाई के चलते खुद ही समाप्त होने की ओर बढ़ रही है।
संतोष पांडेय का तंज- कांग्रेस को पिलानी होगी मुगली घुट्टी 555
भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने भी कांग्रेस के अंदरूनी विवाद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। दीपक बैज, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और भूपेश बघेल के बीच खींचतान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में ऊपर से नीचे तक आपसी खींचतान चल रही है। इसी पर तंज कसते हुए उन्होंने कांग्रेस को ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत बताई।
AICC के संगठनात्मक फेरबदल के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक बदलाव करते हुए सचिवों और संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया। इसके अलावा विजय जांगिड सहित कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया गया।
मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चर्चा
AICC के इस फेरबदल के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘बाप तो आखिर बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो उसी को काटोगे तो गिरना तय है। इति सिद्धम।’
इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। वहीं, भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस के भीतर जारी मतभेदों से जोड़ते हुए पार्टी पर निशाना साधा।




