
रायपुर। रायगढ़ जिले से शैक्षणिक भ्रमण पर राजधानी रायपुर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षा, करियर और भविष्य की संभावनाओं पर खुलकर बातचीत की। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बच्चों को बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत, अनुशासन व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
रायपुर के शैक्षणिक संस्थानों का किया भ्रमण
रायगढ़ से आए विद्यार्थियों ने रायपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन सुविधाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से उनके निवास पर मुलाकात की और वहां का भी भ्रमण किया।
मंत्री ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना।
अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव किए साझा
विद्यार्थियों से मुलाकात के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ से आए बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें अपने बचपन और छात्र जीवन की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने का दृढ़ संकल्प हो, तो विपरीत परिस्थितियों में भी सफलता का रास्ता बनाया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने, नई चीजें सीखने और मिलने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी। उनके मुताबिक, विद्यार्थी जीवन में अर्जित ज्ञान, संस्कार और अनुशासन ही भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
वित्त मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य का आधार है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार रायगढ़ सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और विकास के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों का ज्ञान और अनुभव बढ़ता है। विभिन्न संस्थानों को करीब से देखने और उनकी व्यवस्थाओं को समझने से बच्चों को उच्च शिक्षा तथा करियर के नए विकल्पों की जानकारी मिलती है।
विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
ओपी चौधरी ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के दम पर जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे और अपने परिवार, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




