छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

ग्रामीण पर्यटन में उत्कृष्ट कार्य पर मिलेगा एक लाख का पुरस्कार, ‘चेन्दरू’ के लिए 15 अक्टूबर तक आवेदन

रायपुर । छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार-2026’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार का उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन को स्थानीय रोजगार, आजीविका, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण से जोड़ने वाले प्रयासों को राज्य स्तर पर पहचान देना है।

छह श्रेणियों में होगा मूल्यांकन

पुरस्कार के लिए प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन ग्रामीण पर्यटन की छह प्रमुख थीम के आधार पर किया जाएगा। इनमें एथनिक टूरिज्म, ईको टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, हेरिटेज टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म तथा मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म शामिल हैं।

मूल्यांकन में होमस्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसर तैयार करने, पर्यटकों को विशेष अनुभव उपलब्ध कराने, पर्यटन स्थलों एवं धरोहरों के संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी जैसे पहलुओं को प्राथमिकता दी जाएगी। संबंधित क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में हुए बदलाव और आवेदक के कार्यों के प्रभाव को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

व्यक्ति और संस्था दोनों कर सकते हैं आवेदन

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में कार्य कर रहे पात्र व्यक्ति और संस्थाएं पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। दीर्घकालीन सेवा, उल्लेखनीय उपलब्धियों और क्षेत्र के विकास में किए गए समर्पित प्रयासों को चयन में महत्व दिया जाएगा।

आवेदन के साथ आवेदक को अपना परिचय, पता, फोटोग्राफ, छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवास का प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की सत्यापित प्रति प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा ग्रामीण पर्यटन में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण, पूर्व में मिले सम्मानों की जानकारी तथा उपलब्ध होने पर प्रकाशित सामग्री और समाचारों की सत्यापित प्रतियां भी संलग्न की जा सकती हैं।

छह सदस्यीय जूरी करेगी चयन

प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण छह सदस्यीय निर्धारित जूरी द्वारा किया जाएगा। जूरी की कार्यवाही गोपनीय रहेगी और चयन के संबंध में अपील स्वीकार नहीं की जाएगी। शासकीय सेवकों को आवेदन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

पंजीकृत डाक से भेजना होगा आवेदन

निर्धारित प्रारूप में पूर्ण आवेदन प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, द्वितीय तल, उद्योग भवन, रिंग रोड नंबर-1, रायपुर (छत्तीसगढ़)-492001 के पते पर पंजीकृत डाक से भेजना होगा। आवेदन 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पते पर पहुंच जाना चाहिए। इसके बाद प्राप्त प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

पुरस्कार और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 73545-80006 अथवा ई-मेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में कार्य कर रहे व्यक्तियों और संस्थाओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। ‘चेन्दरू’ पुरस्कार के माध्यम से ग्रामीण संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और स्थानीय परंपराओं को पर्यटन से जोड़ने वाले प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Back to top button