छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, 571 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

रायपुर । बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुल 571 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताएं बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में आयोजित की जाएंगी।

बहतराई ने दिए कई प्रतिभावान खिलाड़ी : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बहतराई की खेल भूमि ने छत्तीसगढ़ के साथ देश को भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने बहतराई में खेलकर आगे बढ़े खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की खेल सुविधाओं और वातावरण ने अनेक प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

हार नहीं, सीखने का अवसर है खेल : सुशांत शुक्ला

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए आधुनिक संसाधनों और सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया।

विधायक ने बहतराई खेल परिसर के उन्नयन की आवश्यकता बताते हुए इसे मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां

शुभारंभ समारोह में पीएमश्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता की वंदना सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तेज धूप के बावजूद छात्राओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।

छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए विधायक सुशांत शुक्ला ने 11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button