
रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोक भवन परिसर में स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी लिया हिस्सा
लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सुबह परिसर के अलग-अलग हिस्सों में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निपटान किया गया। राज्यपाल ने स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
बोले- स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है, बल्कि इसे हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर परिसर के साथ स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।




