
रायपुर। बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने नगर निगम के सभी 40 वार्डों में पार्षद पद के साथ-साथ महापौर पद पर भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि प्रत्याशियों के चयन में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में जनसंवाद और रायशुमारी की जा रही है, ताकि स्थानीय लोगों की पसंद और जनसमस्याओं को प्राथमिकता दी जा सके।

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने कहा कि पार्टी चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। बिरगांव की जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और विकास संबंधी सुझावों को सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों का चयन जनता की राय को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
रायपुर कार्यकारी जिलाध्यक्ष सागर क्षीरसागर, प्रदेश सचिव स्वाति तिवारी, प्रदेश सचिव संजय गुप्ता और प्रदेश सह-प्रभारी (सोशल मीडिया) मिथलेश साहू ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि बिरगांव के नागरिक भाजपा और कांग्रेस के वादों तथा स्थानीय समस्याओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनके अनुसार, जनता अब नगर निगम में विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट जवाबदेही चाहती है।

प्रदेश सचिव कलावती मार्को, रायपुर जिला उपाध्यक्ष विजय देवांगन एवं श्याम शर्मा, रायपुर जिलाध्यक्ष (महिला विंग) अनुराधा शुक्ला, रायपुर जिलाध्यक्ष (यूथ विंग) विकासदास मानिकपुरी, प्रदेश अध्यक्ष (आरटीआई विंग) आर.एस. ठाकुर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी शिव शर्मा तथा जिला महासचिव नरेंद्र ठाकुर, वीरेंद्र पवार और मनीष मेश्राम ने कहा कि प्रदेश सरकार को किसानों की समस्याओं, आदिवासियों के अधिकारों और जल, जंगल एवं जमीन से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करना चाहिए।
AAP नेताओं ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में पार्टी की सरकारों द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को पार्टी छत्तीसगढ़ में भी अपने राजनीतिक एजेंडे का आधार बना रही है। उनका कहना है कि बिरगांव में स्थानीय विकास, बुनियादी सुविधाओं और आम नागरिकों की समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाया जाएगा।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में सभी 40 वार्डों और महापौर पद पर उम्मीदवार उतारकर जनता के बीच अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को रखा जाएगा। पार्टी के मुताबिक, जनसंवाद के माध्यम से लोगों की भागीदारी बढ़ाना और स्थानीय मुद्दों को चुनावी प्रक्रिया में प्रमुखता देना उसकी रणनीति का अहम हिस्सा है।




