
रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महात्मा गांधी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और मानवता के उनके सिद्धांत आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। गांधी जी ने अपने विचारों और जीवन के माध्यम से शांति, सद्भाव और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन लोगों को सत्य के रास्ते पर चलते हुए समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन को किया याद
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और राष्ट्रसेवा को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का सादा जीवन, दृढ़ नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने उनके प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान-जय किसान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश की सुरक्षा और आर्थिक-सामाजिक प्रगति में सैनिकों और किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देते रहेंगे दोनों महापुरुष
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार देश को जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।




