छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

माओवाद के साये से निकलकर विकास की राह पर ककनार, सेवा सेतु शिविर में 147 आवेदनों का मौके पर निराकरण

11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को एक ही जगह मिली सरकारी योजनाओं की सुविधा

जगदलपुर । इंद्रावती नदी के किनारे बसे ग्राम ककनार में अब विकास और बदलाव की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। कभी माओवाद और भय के माहौल से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में शासन-प्रशासन की योजनाओं की पहुंच ग्रामीणों तक सुनिश्चित करने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।

ग्राम पंचायत ककनार में आयोजित इस शिविर में आसपास की 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और जरूरतों का मौके पर ही समाधान किया गया।

विधायक ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

शिविर में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। इस दौरान जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पंचायत, कृषि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी शिविर में उपस्थित रहकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की।

147 हितग्राहियों के आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण

दूरस्थ वनांचल से पहुंचे 147 हितग्राहियों ने अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन कराया। शिविर में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जन-धन खाता और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्य किए गए।

खास बात यह रही कि शिविर में प्राप्त सभी 147 आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निराकरण कर दिया गया। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान हुई।

सरकारी योजनाओं से जुड़कर ग्रामीणों में बढ़ी उम्मीद

कभी हिंसा और असुरक्षा से प्रभावित रहे इस इलाके में एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में सरकारी योजनाओं की सुविधा मिलने से ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला। सेवा सेतु शिविर के जरिए प्रशासन ने दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

Related Articles

Back to top button